आम आदमी पार्टी ने महापौर सहित पार्षद प्रत्याशियों की पहली सूची की जारी
लखनऊ। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनाव हेतु मेयर प्रत्याशी के साथ अपने पार्षद उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सोमवार को प्रेस क्लब में अवध जोन की संयोजक ब्रज कुमारी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सभाजीत सिंह सहित जनपद के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर 19 पार्षद उम्मीदवारों की प्रथम लिस्ट जारी कर दी है। अवध प्रांत संयोजक ब्रज कुमारी ने मेयर पद के लिए प्रियंका माहेश्वरी के नाम की घोषणा की और बताया कि प्रियंका माहेश्वरी लखनऊ जिला संयोजक गौरव माहेश्वरी की पत्नी हैं। गौरव माहेश्वरी पिछले दो वर्षों से नगर निगम के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे। तमाम आरटीआई लगा कर बड़े घोटालों का पदार्फाश किया और कोर्ट तक नगर निगम के भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ी है। जिला कार्यकारिणी के अधिकांश सदस्यों ने गौरव माहेश्वरी से प्रियंका माहेश्वरी को मेयर पद के प्रत्याशी के तौर पर आगे लाने के लिए अनुरोध किया, जिस पर गौरव माहेश्वरी ने प्रियंका माहेश्वरी का भी आवेदन पार्टी में जमा करा दिया था। अवध जोन की स्क्रीनिंग कमेटी ने मेयर एवं पार्षद उम्मीदवारों के लिय आये हुए आवेदन पत्रों पर विचार किया गया, जिस पर स्क्रीनिंग कमेटी ने सर्वसम्मति से लखनऊ मेयर पद के लिए प्रियंका माहेश्वरी के नाम सहित 19 वार्डों में उम्मीदवारों का नाम फाइनल किया है।
जिला प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रियंका माहेश्वरी लखनऊ जिला संयोजक गौरव माहेश्वरी की पत्नी हैं इसलिए पार्टी संविधान के अनुसार गौरव माहेश्वरी ने जिला संयोजक पद से इस्तीफा दे दिया है जिसे स्वीकार कर लिया गया और अब जिला कार्यकारिणी की सहमती से कार्यवाहक संयोजक कमलेन्द्र सिंह श्रीनेत को बनाया गया। कमलेन्द्र इससे पहले जिला संगठन संयोजक के पद पर रहे हैं। नवनियुक्त कार्यवाहक जिला संयोजक कमलेन्द्र सिंह श्रीनेत ने कहा कि नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी, उम्मीदवारों को जनता का पूरा समर्थन प्राप्त हो रहा है। आम आदमी वर्षों से नगर निगम की सत्ता पर काबिज भाजपा से तंग आ गया है जिसने शहर और निगम को बदतर बना दिया है। जनता परिवर्तन चाहती है और आम आदमी पार्टी को एक बेहतर विकल्प के रूप में देख रही है।
महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पार्षदों की जारी पहली सूची में 19 वॉर्ड शामिल हैं। जिसके तहत कदम रसूल वार्ड (80) से किश्वर जहां, फैजुल्लागंज तृतीय (73) से जितेंद्र सैनी, मल्लाही टोला प्रथम (79) से नीता शर्मा, फैजुल्लागंज द्वितीय (43) से अभय गुप्ता, भारतेंदु हरिश्चन्द वार्ड (65) से करिश्मा हुसैन, इस्माइलगंज द्वितीय (53) से ओम प्रकाश सिंह यादव, कॉल्विन कॉलेज निशातगंज (40) से पूनम गुप्ता, बेगम हजरत महल बजरंग बली वार्ड (98) से मोहम्मद इम्तियाज खान, बाबू जगजीवन राम वार्ड (57) से आशुतोष चंद्रा, गोलागंज पीरजलील वार्ड (78) से कमर हुसैन, शारदा नगर द्वितीय (11) से महेश कुमार, हिन्द नगर (28) से सुखविंदर कौर, शारदा नगर प्रथम (6) से विपिन मौर्या, गुरुनानक नगर (19) से सुनीता शर्मा, रामजी लाल नगर (29) से राजेश सक्सेना, भवानीगंज (107) से शशिकांत कुशवाह, कश्मीरी मोहल्ला (103) से मोहम्मद सनी, अम्बरगंज (97) से हिना परवीन व राजा राम मोहन राय वॉर्ड (33) से कृपा निधन पार्षद प्रत्याशी हैं।