मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग की ओर से स्थानीय निकायों को चेतावनी जारी की गई है, जिससे समय रहते बारिश और उससे होने वाली समस्याओं से निपटा जा सके। मुंबई में बारिश के वक्त जलभराव एक अहम मुद्दा रहता है।
ऐसे में बीएमसी और शहर के दूसरे संबंधित निकायों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। बारिश के दौरान खस्ताहाल रोड और वाटर लांगिग जैसी समस्याओं को लेकर प्रत्येक वर्ष बीएमसी की किरकिरी होती है। फिल्मी सितारों से लेकर आम लोगों की ओर से इसे लेकर बीएमसी की आलोचना होती रही है।
जानकारी के अनुसार दक्षिण पश्चिमी मानसून लगातार तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मानसून के गोवा से महाराष्ट्र में प्रवेश करने की सूचना है। मौसम विभाग के मुताबिक गोवा और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है, साथ ही तेज रफ्तार दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के चलने की संभावना है। गोवा और महाराष्ट्र के लोगों को समुद्री तटों से दूर रहने की चेतावनी जारी की गयी है। खराब मौसम की वजह से मछुआरों को समुद्र में जाने से रोक दिया गया है।