बहुप्रतीक्षित चारा घोटाला में हो सकता है आज सजा का एलान
नई दिल्ली, 03 जनवरी। बिहार के बहुचर्चित चारा घोटाला से जुड़े देवघर ट्रेजरी मामले में बुधवार को सीबीआई कोर्ट सजा का एलान कर सकता है। इस केस में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव समेत 16 आरोपी 23 दिसंबर को दोषी करार दिए जा चुके हैं। लालू के वकील प्रभात कुमार ने मीडिया को बताया कि दोषियों को मेक्सिमम 7 साल और मिनिमम 1 साल की जेल होगी। बता दें कि लालू फिलहाल रांची सेंट्रल जेल में बंद हैं। उन पर चारा घोटाले से जुड़े 7 केस दर्ज हैं। इनमें से चाईबासा ट्रेजरी केस में उन्हें 5 साल की सजा हो चुकी है। हालांकि, इस केस में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी। बाकी 5 केस पर सुनवाई चल रही है। 950 करोड़ के चारा घोटाले में यह 33वां और लालू से जुड़ा दूसरा फैसला है।
देवघर ट्रेजरी केस आखिर है क्या ?
बिहार सरकार ने 1991 से 1994 के बीच मवेशियों की दवा और चारा खरीदने के लिए सिर्फ 4 लाख 7 हजार रुपए ही पास किए थे। जबकि इस दौरान देवघर ट्रेजरी से 6 फर्जी अलॉटमेंट लेटर से 89 लाख 4 हजार 413 रुपए निकाले गए।
कितनी सजा हो सकती है लालू को?
लालू के वकील प्रभात कुमार ने बताया कि लालू और बाकी दोषियों को मैक्सिमम 7 साल और मिनिमम 1 साल की जेल होगी। वहीं, सीबीआई के एक अफसर के मुताबिक, इस केस में लालू को गबन की धारा 409 के तहत 10 साल तक की सजा और धारा 467 के तहत उम्रकैद भी हो सकती है। हालांकि, लालू के वकील ने इस संभावना को सिरे से खारिज कर दिया।
इन्हें सुनाई जाएगी सजा
लालू प्रसाद यादव-बिहार के पूर्व सीएम, जगदीश शर्मा-पॉलिटिकल लीडर, आरके राणा-पॉलिटिकल लीडर, बेक जूलियस-आईएएस ऑफिसर, फूलचंद सिंह-आईएएस ऑफिसर, महेश प्रसाद-आईएएस ऑफिसर, कृष्ण कुमार-गवर्नमेंट इम्प्लॉई, सुबीर भट्टाचार्य-ट्रेजरी ऑफिसर
38 आरोपी थे?
एक सीबीआई ऑफिशियल के मुताबिक, इस केस में 38 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इनमें 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 3 सरकारी गवाह बन गए थे। दो ने अपना गुनाह कबूल कर लिया था, जिन्हें 2006-07 में दोषी करार दिया गया था। बाकी बचे 22 आरोपियों पर केस चल रहा था।
ये चारा सप्लायर्स-ट्रांसपोर्टर्स भी दोषी
त्रिपुरारी मोहन प्रसाद, सुशील कुमार सिन्हा, सुनील कुमार सिन्हा, राजा राम जोशी, गोपीनाथ दास, संजय अग्रवाल, ज्योति कुमार झा, सुनील गांधी
सबूतों के आभाव में यह हुए बरी
- जगन्नाथ मिश्रा, बिहार के पूर्व सीएम
- ध्रुव भगत, पूर्व पीएसी चेयरमैन
- एसी चौधरी, पूर्व आईआरएस ऑफिसर
- सरस्वती चंद्रा, चारा सप्लायर
- सदानंद सिंह, चारा सप्लायर
- विद्या सागर निषाद, पूर्व मंत्री







