लखनऊ,14 जनवरी। गोरखपुर में आयोजित भव्य ‘गोरखपुर महोत्सव’ में माननीय मुख्यमंत्री ने एक सम्मान समारोह के दौरान गत वर्ष उत्तर प्रदेश में आयी भीषण बाढ़ में एनडीआरएफ द्वारा किये गए राहत, खोज व बचाव कार्य के लिए और 30 हज़ार से अधिक लोगों के अमूल्य जीवन की रक्षा करने के लिए एनडीआरएफ के जवानों और अफसरों को सम्मानित किया।
इस अवसर मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के रेस्कुएर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 11एनडीआरएफ, वाराणसी की तरफ से आलोक कुमार सिंह, कमांडर, एनडीआरएफ और कौशलेश राय, कमांडेंट एनडीआरएफ ने यह सम्मान ग्रहण किया।
विदित है की 11 एनडीआरएफ की 28 टीमों ने प्रदेश के 24 जिलों में भीषण बाढ़ में उत्कृष्ट राहत- बचाव कार्य किया और हज़ारों लोगों के जीवन की रक्षा की और मोटर बोट की सहायता से घर-घर राहत सामग्री वितरित की।
11 जनवरी से गोरखपुर में शुरू हुए भव्य “गोरखपुर महोत्सव” में 11एनडीआरएफ , वाराणसी ने आपदा प्रबंधन से सम्बंधित उपकरणों की प्रदर्शनी लगायी । महोत्सव में आये हज़ारों लोगों ने एनडीआरएफ द्वारा दिए गए आपदा प्रबंधन के ज्ञान का लाभ उठाते हुए प्रदर्शनी में लगाए गए उपकरणों का अवलोकन किया व उनके बारे में जानकारी भी प्राप्त की।
गोरखपुर में 11 एनडीआरएफ की एक कंपनी स्थित है जोकि पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में आपदा प्रबंधन के लिए सदैव तत्पर है। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में बड़े ही हर्षोउल्लास के साथ इस महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। जिसमें विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन और मेले लगाए जाते हैं।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस प्रकार की जानकारी से ओत-प्रोत प्रदर्शनी लोगों ने पहली बार देखी और एनडीआरएफ के ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी को लोगों ने बहुत सराहा और कार्मिकों व उपकरणों के साथ सेल्फी लेकर इस क्षण को यादगार बनाया।







