बर्फबारी-बारिश से घरों में दुबके लोग
नई दिल्ली, 03 मार्च। कश्मीर में ऊंचाई वाले कई इलाकों में एक बार फिर ‘व्हाईट अटैक’ हुआ है। भारी हिमपात के साथ-साथ घाटी के मैदानी इलाकों में आज दूसरे दिन भी रूक रूक कर बारिश हुई। जिससे लोग एक बार फिर ठिठुरने को मजबूर हो गए, वहीं जनजीवन पर भी इसका गहरा असर देखा जा रहा है।
गुलमर्ग के साथ-साथ उत्तर कश्मीर के बारामुला स्थित प्रख्यात स्की रिजॉर्ट में करीब तीन इंच की बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। घाटी में ऊंचाई वाले स्थानों जैसे कूपवाड़ा, जोजिला, शोपियां, गुरेज और अन्य इलाकों में भी हिमपात होने की खबर हैं। उत्तर कश्मीर के कूपवाड़ा में सर्वाधिक 51 मिमी बारिश हुई जबकि श्रीनगर में 4.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम के तल्ख मिजाज को देखते हुए लोगों को ठंड से राहत पाने के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।







