अब जेल में सीए से आमने-सामने होगी पूछताछ
नई दिल्ली, 10 मार्च। INX मीडिया केस में आरोपी और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के दो कोर्ट में सुनवाई हुई। पटियाला हाउस कोर्ट ने कार्ति की सीबीआई रिमांड बढ़ाकर 12 मार्च कर दी। साथ ही जांच एजेंसी ने कार्ति के सीए से तिहाड़ जेल में आमने-सामने पूछताछ की इजाजत मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। कार्ति की बेल पिटीशन पर कोर्ट ने सीबीआई से जवाब मांगा है। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने कार्ति को राहत देते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन और गिरफ्तारी पर 20 मार्च तक अंतरिम रोक लगाई। बता दें कि सीबीआई ने कार्ति को 28 फरवरी की सुबह चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। कार्ति पर आईएनएक्स मीडिया के एफआईपीबी क्लीयरेंस के लिए करीब 6.5 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है।
हाईकोर्ट ने कहा कि अगर सीबीआई केस में ट्रायल कोर्ट कार्ति को जमानत देता है तो ईडी उन्हें अगली सुनवाई तक गिरफ्तार नहीं करेगी। इस मामले में कोर्ट अब 20 मार्च को सुनवाई करेगा। कोर्ट ने कार्ति की याचिका पर केंद्र सरकार और ईडी से जवाब मांगा है।
कार्ति की रिमांड बढ़ाकर 12 मार्च
रिमांड खत्म होने के बाद सीबीआई ने कार्ति को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। इस दौरान जांच एजेंसी की मांग पर कोर्ट ने एक बार फिर कार्ति की रिमांड बढ़ाकर 12 मार्च कर दी। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने पिछले दिनों छापेमारी में मिले नए सबूत भी कोर्ट को सौंप दिए।
सीबीआई ने कार्ति के सीए एस. भास्कर रमन की कस्टडी भी मांगी, ताकि दोनों से आमने-सामने पूछताछ की जा सके। कोर्ट ने तिहाड़ जेल में पूछताछ के लिए मंजूरी दे दी है। दूसरी एप्लीकेशन में जांच एजेंसी ने कहा कि कुछ जगहों की पहचान और पूछताछ के सिलसिले में इंद्राणी व पीटर मुखर्जी को दिल्ली लेकर आना जरूरी है। हालांकि, इसकी मंजूरी को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।







