सैन्य बलों का किया जा रहा है आधुनिकीकरण
देहरादून, 26 मार्च। केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सैन्य बलों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और देश डोकलाम में किसी भी हालात से निपटने के लिए तैयार है। शहर में भारतीय सैन्य अकादमी और राष्टीय रक्षा अकादमी में उत्तराखंड से चयनित युवाओं को सम्मानित करने के बाद उन्हें संबोधित करते हुए निर्मला ने कहा कि आने वाले समय में आप सभी एक अत्याधुनिक सेना का हिस्सा बनने जा रहे है। आर्मी, नेवी तथा एअर फोर्स (थल, जल और वायुसेना) को आधुनिक बनाने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बहुत सी नई पहल की जा रही है।
सेना के जवानों को लोग बहुत सम्मान की नजर से देखते हैं
एनसीसी के मसले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान की बाबत पूछे जाने पर रक्षा मंत्री ने कहा कि इस पर बहुत टिप्प्णी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं एनसीसी को बहुत अच्छा मानती हूं। इससे युवाओं को देशभक्ति की शिक्षा मिलती है। कार्यक्रम में मौजूद थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोग भारतीय सेना में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों को लोग बहुत सम्मान की नजर से देखते हैं।
इन्हें किया गया सम्मानित:
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री निर्मला, थल सेनाध्यक्ष जनरल रावत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वर्ष 2014 से 2018 तक आइएमए और एनडीए में चयनित उत्तराखण्ड के 140 युवाओं को प्रशस्ति पत्र तथा 50-50 हजार रूपये की धनराशि प्रदान करके सम्मानित किया। इस अवसर पर विक्टोरिया क्रॉस पदक प्राप्त दिवंगत गब्बर सिंह नेगी, दिवंगत दरबान सिंह नेगी, दिवंगत वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली, पूर्व सेना प्रमुख दिवंगत वी.सी. जोशी एवं दिवंगत बाबा जसवंत सिंह के परिजनों के साथ ही अपने पति की शहादत के पश्चात सेना में कमीशन प्राप्त करने वाली कै0 प्रिया शर्मा सेमवाल, संगीता मल्ल, फलाईंग अफसर अनुपमा जोशी व नेवल अफसर वर्तिका जोशी की मां डॉ अल्पना जोशी को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर तीन पीढ़ियों से सेना में अपनी सेवाएं दे रहे परिवारों को भी सम्मानित किया गया।







