पिता ने कहा- मोदी सरकार आतंकियों को मारकर बेटे की शहादत का ले बदला
जम्मू,17 जून। जम्मू कश्मीर में जारी सीजफायर के नाम पर पाक की काली करतूतों से भारतीय जवान शहीद हो रहे हैं इस बीच राष्ट्रीय राइफल्स के शहीद जवान औरंगजेब के पिता मोहम्मद हनीफ ने कहा है कि मोदी सरकार आतंकियों को मारकर बेटे की शहादत का बदला ले। वरना वह खुद आतंकियों से बदला लेंगे, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने दूसरे बेटों को भी सेना में भेजेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा बड़ा बेटा फौज में है, उन्होंने कहा कि अपने देश के लिए हम सब लड़ते हुए कुर्बान होंगे।
बता दें कि गुरुवार शाम सेना के जवान औरंगजेब का शव पुलवामा के गूसो इलाके में पाया गया था। आतंकियों ने उस वक्त औरंगजेब का अपहरण किया था, जब वह ईद की छुट्टी लेकर अपने घर पुंछ लौट रहे थे। औरंगजेब उस कमांडो ग्रुप का हिस्सा थे। जिसने हिज्बुल कमांडर समीर टाइगर को मार गिराया था। औरंगजेब की हत्या से उनके गांव के साथ ही देश भर में काफी उबाल है।
उमड़ा जनसैलाब, दी नम आंखों से विदाई
अपने शहीद जवान औरंगजेब पार्थिव शरीर जब उनके गांव पहुंचा तो लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने जवान को नम आंखों से विदाई दी। लोगों की आंखों में जहां जवान को खोने का गम था वहीं रमजान के महीने में किये गये इस जघन्य अपराध के लिए गुस्सा भी था आतंकियों ने न सिर्फ बेरहमी से उनकी हत्या की बल्कि पहले औरंगजेब की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर डाली। कहा जा रहा है कि यह तस्वीर उन्हें मारने से पहले ली गयी थी।
ईद के दिन भी हिंसा की घटनाएं कम नहीं हुयी। सीमा पर पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया और एक भारतीय जवान शहीद हो गया। नौशेरा सेक्टर में जवान बिकास गुरुंग पाक फायरिंग में शहीद हुए हैं।अरनिया सेक्टर में भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया, कहा गया है कि केंद्र सरकार ईद के बाद सीजफायर पर कोई बड़ा ऐलान कर सकती है।







