नई दिल्ली, 01 जुलाई। कश्मीर घाटी में लगातार हो रही भारी मूसलाधार बारिश से झेलम और इसकी सहायक नदियों में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर प्रशासन ने शनिवार को बाढ़ अलर्ट जारी करने के साथ ही हेल्पलाइन स्थापित किए जाने की तथा स्कूलों को बंद रखे जाने के आदेश दिए हैं। मीडिया ख़बरों के अनुसार राजधानी श्रीनगर में बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि राम मुंशी बाग के समीप झेलम नदी का जलस्तर 21 फुट खतरे के निशान पर पहुंच गया है। नदियों में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए पहले ही बाढ़ अलर्ट जारी कर दिया गया। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से सचेत रहने को कहा गया है।
बारिश से अमरनाथ यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित
ख़राब मौसम के कारण कश्मीर घाटी में पिछले 2 दिनों से हो रही भारी बारिश से सड़कों पर फिसलन और भूस्खलन के कारण शनिवार को दूसरे दिन ही अमरनाथ यात्रा स्थगित रही। आधिकारिक सूत्रों ने मीडिया को बताया कि अमरनाथ गुफा के लिए पारंपरिक मार्ग पहलगाम और नदी के मार्ग बालटाल से यात्रा स्थगित कर दी गई है। दोनों ही मार्ग पर किसी भी श्रद्धालु को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है।







