अन्तर्राष्ट्रीय शैक्षिक-साँस्कृतिक महोत्सव‘ यूरेका इण्टरनेशनल-2018’ का भव्य उद्घाटन
लखनऊ, 16 दिसम्बर 2018: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, आनन्द नगर कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय शैक्षिक-साँस्कृतिक महोत्सव ‘यूरेका इण्टरनेशनल-2018’ भव्य उद्घाटन आज सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय के वाइस-चांसलर प्रो. एसपी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर इस अन्तर्राष्ट्रीय समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह में श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल समेत देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे लगभग 500 प्रतिभागी छात्रों की उपस्थिति ने एकता, भाई-चारे से ओत-प्रोत एक लघु विश्व का दृश्य प्रस्तुत किया। उद्घाटन समारोह में सीएमएस छात्रों ने देश-विदेश से पधारे प्रतिभागी छात्रों व टीम लीडरों के सम्मान में रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों का ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये और तालियों की गड़गड़ाहट से सारा ऑडिटोरियम गूंज उठा। विदेशों से आएं मेहमानों ने भी कलात्मक प्रतिभा की काफी सराहना की।

उद्घाटन समारोह में देश-विदेश से सम्मलित हुए प्रतिभागी छात्रों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. एसपी सिंह, वाइस-चांसलर, लखनऊ विश्वविद्यालय ने कहा कि संस्कृति ही मनुष्य को अच्छा आचरण सिखाती है व मनुष्य का नैतिक विकास करती है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि छात्रों को एकता के सूत्र में बाँधा जाये व उनमें मानवता की भलाई हेतु कार्य करने की इच्छाशक्ति जागृत हो। गीत, संगीत, कला, साहित्य सभी छात्रों को मानवता की भलाई हेतु संकल्पबद्ध करने का सबसे प्रभावशाली माध्यम है एवं ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्रों में एक नया आत्मविश्वास जागृत होता हैं।
यूरेका इण्टरनेशनल-2018 की संयोजिका व सी.एम.एस. आनन्द नगर की प्रधानाचार्या सुश्री रीना सोटी ने कहा कि इस अन्तर्राष्ट्रीय महोत्सव से छात्रों के अन्दर छिपी प्रतिभा को पूर्ण रूप से प्रस्फुटित और पल्लवित होने का भरपूर अवसर प्राप्त होगा साथ ही वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का प्रचार-प्रसार भी होगा।
सीएमएस संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि यह अन्तर्राष्ट्रीय महोत्सव न सिर्फ ज्ञान व कला का अद्भुद संगम बनेगा अपितु भावी पीढ़ी के बीच विचारों के आदान-प्रदान का सर्वोत्तम मंच साबित होगा।
मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने कहा कि यूरेका इण्टरनेशनल-2018 में प्रतियोगिताओं का दौर कल 17 दिसम्बर को प्रातः 10.00 बजे से प्रारम्भ होगा जिसका समापन 19 दिसम्बर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।
पढ़ें इससे सम्बंधित खबर:
https://shagunnewsindia.com/education-uttar-pradesh-ureka-internatinal-2018-will-start-on-sunday-16-december/







