इंडियन साईकेट्रिक सोसाइटी के बिहार स्टेट ब्रांच 22वां वार्षिक अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न
पटना, 06 जनवरी 2019: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में मानसिक बीमारियों को नजर अंदाज नहीं कर सकते हैं। राज्य सरकार, स्वस्थ बिहार बनाने को संकल्पित है। उक्त बातें मंगल पांडेय ने आज इंडियन साईकेट्रिक सोसाइटी बिहार स्टेट ब्रांच द्वारा होटल मौर्या में आयोजित 22वें वार्षिक अधिवेशन में कही। इससे पहले उन्होंने कंसल्टेशन लायसन साईकेटरी थीम पर आधारित इस एक दिवसीय कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत दीप प्रज्जवलित कर की। इस दौरान उन्होंने बिहार समेत बाहर से आये लगभग 100 मनोचिकित्सक विशेषज्ञों का उत्साहवर्द्धन भी किया। इस वार्षिकोत्सव में लोकगायिक मैथिली ठाकुर ने भी अपनी भव्य प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंडियन साईकेट्रिक सोसाइटी के राष्ट्रीय सचिव डॉ विनय कुमार ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में मानसिक बीमारियां मुख्य रूप से सामने आ रहे हैं। इन बीमारियों की वजह से काम करने की क्षमता उत्तम जीवन शैली को प्रभावित करता है। बिहार साईकेट्रिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ उदय कुमार सिन्हा ने कहा कि समाज में मानसिक बीमारियों के बारे में गलत अवधारणा इसे छिपा लेना है। इससे मानसिक बीमारियों से पीडि़त व्यक्ति और अधिक प्रभावित होते हैं। उनकी हालत दयनीय हो जाती है। हालांकि मानसिक बीमारियों से होने वाले आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कोई मापदंड नहीं है। लेकिन समाज में मानसिक बीमारियों को अभिशाप समझने से यह अभिशाप बन जाती है।
बिहार साईकेट्रिक सोसाइटी की सचिव डॉ नुपूर निहारिका ने कहा कि इस बीमारी से बच्चे, नवयुवक और नवयुवतियां भी प्रभावित हैं। लगभग 9.8 मिलियन (नौ लाख अस्सी हजार) भारतीय युवा 13-17 साल की उम्र में मानसिक बीमारी से पीडि़त हैं। आज इसके तेजी से बचाव की जरूरत है।
बिहार साईकेट्रिक सोसाइटी के डॉ पी के सिंह ने कहा कि यह बीमारी देश में विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए चिंता का विषय है। मानसिक रोग विशेषज्ञ और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, मनोवैज्ञानिक, सामाजिक विशेषज्ञ और साईकेट्रिक नर्स का न होना इस बीमारियों का उचित उपचार में बाधक है। आज संस्थानिक देखभाल की कमी है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। इस वार्षिक सम्मेलन के ऑर्गेनाइजिंग चेयरपर्सन डॉ सी एस शर्मा ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि इस दिशा में बदलाव लायें। इसके अलावा बिहार साईकेट्रिक सोसाइटी के एडिटर डॉ मनीष कुमार ने भी इस क्षेत्र में समग्र सेवा प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उधर, इस कार्यक्रम में इस साल से दो ऑपरेशन अवार्ड की शुरूआत की गई है। पहला, डॉ एल पी वर्मा लाइफ टाइम अचीवमेंट नेशन अवार्ड देश के प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ श्रीधर शर्मा को दिया गया, वहीं दूसरा डॉ आर पी एन सिन्हा नेशन अवार्ड देश के एक अन्य प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ अरविंदो एन चौधरी को दिया गया। कार्यक्रम में दिल्ली से आये डॉ श्रीधर शर्मा, एम्स दिल्ली के डॉ प्रताप शरण, एम्स भुवनेश्वर के डॉ विश्वरंजन मिश्रा, इंग्लैंड से आये डॉ बख्शी नीरज, एम्स पटना के डॉ पंकज, डॉ राजीव, डॉ राजेश, डॉ के. के सिंह ने भी अपने विचार रखे।






