आपका काम गति देना है, बैरियर बनना नहीं: योगी
लखनऊ, 06 अगस्त 2019: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े तेवर अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर कोई फाइल तीन दिन से अधिक रुकी तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को यहां लोकभवन में बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के पाइप पेयजल समीक्षा बैठक के दौरान पौने दो साल बाद भी विभागीय औपचारिकताओं के पेच फंसे होने के कारण अब तक काम न शुरू होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह बेहद महत्वाकांक्षी और जनहित से जुड़ी परियोजना है।
श्री योगी जी ने सोमवार को एक बैठक में नाराजगी जताते हुए कहा कि इसकी प्रगति की कई बार समीक्षा की जा चुकी है। बावजदू स्थित यह है कि फाइलों पर बार-बार टिप्पणी लिखनी पड़ रही है। इसकी जगह आपस में बैठ जाएं तो कुछ मिनटों में समस्या हल हो जाएगी और काम में गति आ जाएगी। आपका काम गति देना है, बैरियर बनना नहीं।
श्री योगी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आपसी वार्ता में कोई दिक्कत है तो मुख्य सचिव के निर्देशन में वित्त विभाग, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकर समस्या का हल निकाल सकते हैं। जरूरत हो तो मुझे भी बता सकते हैं। कोई भी योजना संबंधित विभाग मिलकर संपूर्णता में बनाएं। जितनी भी आपत्तियां हैं, उनके निस्तारण एक साथ करें। हर काम की हर महीने डेडलाइन तय कर उसका अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव अनूप चंद्र पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव कुमार मित्तल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।






