डॉ दिलीप अग्निहोत्री
अयोध्या का दीपोत्सव इस बार भी विश्व स्तर पर चर्चित होगा। पिछली बार दक्षिण कोरिया की महारानी विशिष्ट अतिथि के रूप में अयोध्या पधारी थी। वह अयोध्या के रघुवंश से ही संबंधित है। इस बार फिजी गणराज्य की उप सभापति एवं सांसद वीना भटनागर अयोध्या दीपोत्सव में विशेष रूप से पधारेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे केवल धार्मिक परम्परा या उत्सव तक सीमित नहीं रखा है। बल्कि उन्होंने इसे तीर्थ नगरी के विकास से भी जोड़ दिया है। इसके अंतर्गत दो सौ छब्बीस करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।
दीपोत्सव समारोह का प्रारंभ भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों की भव्य शोभा यात्रा से होगा। यह शोभा यात्रा रामकथा पार्क में समाप्त होगी। इसमें विभिन्न देशों के कलाकारों के साथ ही प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार भाग लेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद श्री राम सीता का रामकथा पार्क में हेलीकाॅप्टर से प्रतीकात्मक अवतरण एवं भरत मिलाप का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। रामकथा पार्क आगमन पर श्रीराम जानकी का पूजन वंदन आरती एवं प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जाएगा। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम के तहत अयोध्या में पूर्ण हुई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं नवीन योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। साढ़े छह बजे से नए घाट पर मंत्रोच्चार के साथ सरयू जी की आरती व पूजन किया जाएगा। इसके बाद समस्त घाटों तथा सम्पूर्ण अयोध्या में पांच लाख इक्यावन हजार दीपों का प्रज्ज्वलन होगा।

राम की पैड़ी पर चार लाख दीपों का प्रज्ज्वलन कर गिनीज बुक आॅफ रिकाॅर्ड बनाया जाएगा। राम की पैड़ी पर प्रोजेक्शन मैपिंग शो द्वारा रामकथा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद आतिशबाजी की जाएगी। रामकथा पार्क में भारत, नेपाल, श्रीलंका, इण्डोनेशिया एवं फिलीपींस की रामलीलाओं का मंचन किया जाएगा। रामलीला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। इस उत्सव की पूर्वसंध्या गुप्तार घाट में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एवं रामलीला का मंचन किया जाएगा।







