नई दिल्ली, 06 दिसंबर, 2019: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कोझिकोड (केरल) में नरेंद्र मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश ‘संकट’ में है क्योंकि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ‘अपनी काल्पनिक दुनिया में जी रहे हैं और उनका बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं रह गया है।
उत्तरी केरल में अपने लोकसभा क्षेत्र वायनाड की तीन दिवसीय यात्रा शुरू करते हुए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ‘संकट’ में हैं क्योंकि उन्होंने जो ‘काल्पनिक दुनिया’ बनाई थी वह बिखर रही है।देश में कोई आर्थिक संकट नहीं होने के केंद्र के दावे पर गांधी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
श्री गांधी ने संवाददाताओं को कहा, “अमित शाह और नरेंद्र मोदी अपनी ही कल्पनाओं में जीते हैं। उनका बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं है। वह अपनी ही दुनिया में रहते हैं और कल्पनाएं करते रहते हैं। इसलिए देश इस तरह के संकट में है।” उन्होंने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी देश के लोगों की सुनते तो कोई परेशानी होती ही नहीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोगों का ध्यान सचाई से भटकाना मोदी के शासन का तरीका है।
उन्होंने कहा कि चूंकि मोदी खुद काल्पनिक दुनिया में जीते हैं इसलिए चाहते हैं कि भारत भी एक काल्पनिक दुनिया में रहे।







