पूर्व वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना
कहा- अयोग्य लोगों के हाथों में चला गया देश
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने झारखंड के अयोग्य हाथों में होने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ‘भाजपा’ को हरियाणा में कमजोर किया, महाराष्ट्र में सरकार बनाने से रोका और अब उसकी झारखंड में भी हार तय है।
श्री चिदंबरम ने यहां पार्टी प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश और झारखंड दोनों अयोग्य हाथों में है। उन्होंने राज्य के लोगों से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस ने भाजपा को हरियाणा में कमजोर किया, महाराष्ट्र में सरकार बनाने से रोका और अब उसकी झारखंड में भी हार निश्चित है।’ कांग्रेस नेता ने श्री मोदी के डबल इंजन सरकार में विकास के दावों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों इंजन एक ही दिशा में चले, तो डबल इंजन सरकार का सिद्धांत काफी अच्छा है।
झारखंड की अर्थव्यवस्था को लेकर रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2014-15 में झारखंड पर 43 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2018-19 में लगभग दोगुना बढ़कर 85 हजार करोड़ रुपये हो गया है। इसका अर्थ यह हुआ कि झारखंड में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति पिछले पांच साल में ‘‘डबल ऋण’ की चपेट में आ गया है। श्री चिदंबरम ने सेंटर फॉर मोनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों के हवाले से कहा कि झारखंड में 44 परियोजनाएं बंद कर दी गई हैं। उन्होंने राज्य के औद्योगिक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि जमशेदपुर में टाटा मोटर्स का संयंत्र अचानक बंद कर दिया गया।







