भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, प्रदेश की शांति व्यवस्था देख अखिलेश हो गये हैं असहज
लखनऊ, 22 जनवरी 2020: भारत हमेशा संतों का देश रहा है। यह अराजक और गुंडों का देश नहीं है। सपा को वह दिन भी याद करना चाहिए, जब सत्ता में रहते हुए भी उसके लोगों ने मीडिया घरानों में भी तोड़फोड़ करने से हिचक नहीं की थी। हल्ला बोल का नारा दिया था। देश हल्ला बोल से नहीं चलता। सपा सिर्फ एक वर्ग को खुश करने में लगी हुई है।
सपा हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करने की माहिर रही है और अब राजनीतिक रूप से हाशिये पर चले जाने के कारण प्रदेश में हिंसा व भय का वातावरण बनाना चाहती है। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कही। वे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट ‘प्रदेश में एक बाबा कम थे क्या, जो दूसरे बाबा अपना प्रवचन देने आ गये’ के जवाब में बुधवार को प्रतिक्रिया दे रहे थे।
मनीष शुक्ला ने कहा कि अखिलेश जैसे नव समाजवादियों को हमेशा साधु-संतों से दुराव रहा है। वे कभी भी भारतीय संस्कृति के पोषक नहीं रहे हैं। यही कारण है कि वे सत्ता में रहते हुए भी दंगों पर काबू पाने के बजाय हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे। निश्चित रूप से प्रदेश में 2017 के बाद से विकास की धारा बह रही है। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर प्रदेश सरकार ने बेहतर काम किया है। इस कारण अखिलेश यादव जैसे नेता असहज स्थिति में हैं, क्योंकि अपराधियाें पर कार्रवाई होने पर उनके द्वारा संरक्षण पाये व्यक्तियों को जेल जाना पड़ा है। इसी कारण वे इस तरह की अनर्गल बातें कर प्रदेश में दंगा करवाना चाहते हैं।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव को सीएए पर विरोध करने से पहले उसे पढ़ लेना चाहिए। शायद उन्होंने इस पढ़ने की जहमत नहीं उठाई। इसी कारण वे सिर्फ उल-जुलूल की बातें कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा कि क्या वे बता सकते हैं कि कानून के किस पैरा में दिया है कि हिन्दुस्तान में रहने वाले किसी व्यक्ति को किसी प्रकार का कागज दिखाना पड़ेगा।
इससे पहले अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीट किया ‘प्रदेश में एक बाबा कम थे क्या जो दूसरे बाबा अपना प्रवचन देने आ गये। इन ढोंगी बाबाओं ने जिस तरह जनता के विश्वास के साथ छल किया है उसकी वजह से सीएए पर समर्थन के लिए इनकी झोली में जनता कुछ भी नहीं डालेगी। जनता झूठे बाबा से यही कहेगी…बाबा इस बार जाना…तो लौट कर कभी न आना।’ इसी पर भाजपा प्रवक्ता प्रतिक्रिया दे रहे थे।







