भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा, सरकार द्वारा किये जा रहे विकास को देख घबरा गया है विपक्ष
एक तरफ केन्द्र और राज्य की सरकार विकास को गति देने में लगी है, वहीं दूसरी तरफ हो रहे तेज विकास से बौखलाकर विपक्ष देश में उपद्रव कराना चाहता है। उसी का एक हिस्सा मात्र सीएए पर भ्रम फैलाना है। ऐसे में वह देश विरोधी ताकतों से भी हाथ मिला रहा है। अब तो यह भी होने लगा कि विरोध भी खुद, उस पर अटैक भी खुद करवाने लगे हैं। इससे सिद्ध हो रहा है कि ये लोग अपनी कुर्सी के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं लेकिन भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। चाहे जो भी हो, यदि हमारे देश के खिलाफ जो भी षड्यंत्र करेगा, उसके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगा । ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कही।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष के इस बहकावे में मुट्ठीभर लाेग हैं। उसमें भी देश विरोधी ताकतें काम कर रही हैं। पीएफआई जैसी देश तोड़ने वाले संगठन इसको फंडिंग कर रहे हैं। विपक्ष उन्हीं की फंडिग के भरोसे किराए पर मुट्ठीभर लोगों को इकट्ठा कर देश को खंडित करने की पुरजोर कोशिश कर रहा है लेकिन उसकी यह मंशा कभी कामयाब नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ऐसी ताकतों का पुरजोर विरोध करती रही है। आज सत्ता में रहते हुए राष्ट्रविरोधी ताकतों को पनपने का मौका नहीं देगी।
आंदोलन के पीछे अरबन नक्सलवाद:
मनीष शुक्ला ने कहा कि विपक्ष इस आंदोलन के पीछे अरबन नक्सलवाद भी काम कर रहा है, जो खुद तो अंतिम सांसे ले रहा है लेकिन कांग्रेस, सपा जैसी पार्टियों के कंधों पर बंदुक रखकर चलाने की कोशिश कर रहा है। इसे भाजपा कत्तई बर्दाश्त नहीं कर सकती। देश की जनता भी विपक्ष की राष्ट्रविरोधी चेहरा से उजागर हो चुकी है। आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
विपक्ष को शांति से हो रही घबराहट:
उन्होंने कहा कि आज राम मंदिर मुद्दा हल हो चुका है। उस पर हमारे प्रधानमंत्री ने ट्रस्ट बनाकर त्वरित गति से मंदिर निर्माण के काम का रास्ता साफ कर दिया। भाजपा ने देश की अखंडता के लिए नासूर बना अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया। अब विपक्ष इससे घबरा गया। उसको यह देखकर आश्चर्य होने लगा कि यह सब इतनी शांति से कैसे हो रहा है।







