लखनऊ, 18 मार्च 2020: शिक्षकों के विरोध के बावजूद शुरू हुई लखनऊ विश्व विद्यालय की परीक्षा आखिरकार दूसरे दिन ही स्थगित कर दी गयी। कोरोना के संक्रमण के खतरा को देखते हुए विश्वविद्यालय के अध्यापकों ने परीक्षा न कराने के लिए कुलपति को ज्ञापन देकर परीक्षा कराने के निर्णय का विरोध किया था। इसके बावजूद भी कुलपति प्रोफेसर आलोक राय ने अध्यापकों के विरोध को नजर अंदाज करते हुए 14 मार्च से शुरू करा दी थी।

इस बीच मंगलवार को प्रदेश सरकार द्वारा दो अप्रैल तक सभी स्कूल व कालेज को बंद करने के निर्णय को संज्ञान लेते हुए परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसका आदेश सभी अधिनस्थ कालेजों को भी मंगलवार को ही भेज दिया।
परीक्षा नियंत्रक ले.कर्नल एके मिश्र ने सभी कालेजों व विश्वविद्यालय विभागाध्यक्षों को भेजे आदेश में लिखा है कि लखनऊ विश्वविद्यालय एवं सहयुक्त महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की समस्त परिक्षाएं दो अप्रैल तक स्थगित की जाती है। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम बाद में शीघ्र ही जारी किया जाएगा।







