नई दिल्ली 10 अक्टूबर। चुनाव से पहले गुजरात में अब पेट्रोल 2 रुपये 93 पैसे और डीजल 2 रुपये 72 पैसे सस्ता हो गया है। केंद्र सरकार की अपील के बाद गुजरात सरकार ने राज्य में पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने का एलान किया है। गुजरात में आज वैट में कमी करके पेट्रोल/डीजल में 10 दिन में दूसरी बार बड़ी राहत दी गई है।
सरकार के एलान के बाद गुजरात में अब पेट्रोल की नई कीमत 67 रुपये 53 पैसे और डीजल की कीमत 60 रुपये 77 पैसे हो गई है। महाराष्ट्र के बाद गुजरात दूसरा राज्य है जिसने वैट घटाकर बढ़ते दामों से जनता को राहत दी है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने बताया था कि ‘गुजरात सरकार जल्द ही पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले टैक्स पर कटौती कर सकती है और केंद्र की तरफ से घटाए गए करों के अलावा गुजरात सरकार राज्य आधारित करों पर कटौती करेगी।
वहीं पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया था कि वह सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को ईंधन पर टैक्स घटाने को लेकर एक पत्र लिखेंगे। गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल पर राज्य सरकारें 25 से 49 फीसदी तक वैट वसूलती हैं।







