- 537 अंक उछल कर 37,931 के स्तर पर पहुंचा सेंसेक्स
- 150 अंक की मजबूती के साथ निफ्टी 11,400 के स्तर के पार
मुंबई, 18 मई 2019: एग्जिट पोल के नतीजे आने से पहले घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को जोरदार तेजी आई। चुनौतियों के बावजूद बैंक तथा वाहन कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 537 अंक उछल कर 37,931 अंक पर पहुंच गया जबकि नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी ने फिर से 11,400 का स्तर प्राप्त कर लिया।
मीडिया ख़बरों और विशेषज्ञों के अनुसार बाजार आम चुनावों के बाद एक स्थिर सरकार और सुधार जारी रहने की उम्मीद कर रहा है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 537.29 अर्थात 1.44 फीसद की बढ़त के साथ 37,930.77 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 38,001.13 अंक के स्तर पर पहुंच गया था जबकि नीचे यह 37,415.36 अंक तक चला गया था।
इसी प्रकार, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी150.05 अंक की बढ़त के साथ 11,407.15 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 11,426.15 अंक से 11,259.85 अंक के दायरे में रहा। शुक्रवार को समाप्त सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 467.78 अंक अर्थात 1.24 फीसद तथा निफ्टी 128.25 अंक अर्थात 1.13 फीसद मजबूत हुए। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस तथा बजाज आटो के शेयर 6.09 फीसद बढ़त के साथ बंद हुए। इसका कारण कंपनी का तिमाही वित्तीय परिणाम बेहतर रहना है। इसके अलावा हीरो मोटो कार्प, मारुति, कोटक बैंक भी लाभ में रहे।







