नयी दिल्ली 14 सितम्बर : केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सी बी एस ई) ने स्कूलों में आये दिन हिंसा और प्रताड़ना की होने वाली घटनाओं को देखते हुए अब स्कूलों की सुरक्षा आॅडिट करने का फैसला किया है और स्कूलों के लिए सख्त सुरक्षा निर्देश भी जारी किये हैं। गुरुग्राम के रायन स्कूल में गत दिनों एक बच्चे की निर्मम हत्या के घटना के बाद अब स्कूलों की सुरक्षा व्यस्था को पुख्ता करने की उठी मांग के मद्दे नज़र सी बी एस ई ने यह कदम उठाया है। सी बी एस ई ने स्कूलों को जारी ताज़ा निर्देश में निर्देश कहा है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह स्कूल प्रशासन की है। निर्देश में कहा गया है कि यह हर बच्चे का अधिकार है कि वह भय मुक्त माहौल और सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करे और उसका किसी तरह शारीरिक या मानसिक शोषण या प्रताड़ना न हो। निर्देश में सभी स्कूलों को सी सी टी वी लगाने को कहा गया है और माली चपरासी तथा ड्राईवर आदि का पुलिस सत्यापन भी करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा छात्रों की सुरक्षा के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का भी निर्देश दिया गया हैं। निर्देश में हर स्कूल में अभिभावकों, छात्रों तथा शिक्षकों के बीच एक समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं,जो बच्चों की शिकायतें सुनेंगे। सी बी एस ई ने स्कूलों से यह भी कहा है की दो माह के भीतर स्कूल इस सम्बन्ध में अपनी कारवाई रिपोर्ट पेंश करें।
Add A Comment






