ब्रज क्षेत्र का विकास और यमुना का स्वरूप जल्द विशाल और शुद्ध होगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ब्रज क्षेत्र विकास परिषद की बैठक बैठक हेतु मथुरा आना था. लेकिन उनकी यात्रायें कभी एक उद्देश्य तक सीमित नहीं रहती है. वह विकास के एक साथ कई लक्ष्य बना कर चलते हैं. मथुरा में भी उन्होंने पहले दो सौ करोड़ से अधिक की अस्सी परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास किया.कहा कि इस क्षेत्र का भौतिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समग्र विकास किया जा रहा है. उनकी अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद की छठवीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में ब्रजतीर्थ पथ परियोजना, गोवर्धन कनेक्ट परियोजना, मथुरा वृन्दावन रेल-बस मार्ग के स्थान पर यातायात के वैकल्पिक साधनों के प्रस्ताव परिषद के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किए गए। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद यहां के समग्र विकास के लिए निरन्तर कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि परिषद विभिन्न संस्थानों को अपनी गतिविधियों से जोड़ें। ब्रज तीर्थ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की लीला पर आधारित लाइट एण्ड साउण्ड शो कराने की व्यवस्था की जाए। बाहरी क्षेत्रों में अच्छे होटलों को विकसित किया जाए। काशी की भांति ब्रह्म मुहूर्त में भक्ति संगीत का प्रसारण किया जाए। सातों तीर्थ स्थलों पर यह व्यवस्था की जाए। स्मार्ट एवं सेफ सिटी के रूप में जनपद को विकसित किया जाए। यातायात व अतिक्रमण की चुनौतियों का समाधान करने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। विद्युत पोल को हटाकर सड़कों का चौड़ीकरण किया जाए। जनपद में पार्किंग स्पेस विकसित की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
पौधशाला, मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण तथा जल संचयन, वृक्षारोपण व अन्य कार्यों के अनुरक्षण, नगर पंचायत कैमारा में वन तालाब का सौन्दर्यीकरण, तहसील छाता के अन्तर्गत अकबरपुर-जैत चौमुहा में टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेण्टर के विकास कार्य सम्बन्धी परियोजना भी अनुमोदित परियोजनाओं में सम्मिलित है। इसके अलावा, परिषद की छठवीं बैठक में नन्दगांव में पर्यटक जनसुविधा केन्द्र का निर्माण, बरसाना स्थित प्रिया कुण्ड पीली पोखर की फसाड लाइटिंग एवं प्रकाश व्यवस्था,गोकुल बैराज के अपस्ट्रीम बॉयी तरफ वासुदेव वाटिका का निर्माण एवं विकास कार्य,नन्दगांव स्थित टेर कदम्ब को जाने वाले मार्ग पर द्वार का निर्माण सहित परिसर में रेलिंग, सोलर सिस्टम, विभिन्न कार्य, बरसाना स्थित राधा बिहारी इण्टर कॉलेज की भूमि पर पर्यटक जन सुविधा केन्द्र का निर्माण कार्य, तहसील छाता में शनिदेव मन्दिर के निकट कोकिला आरक्षित वन में आद्र भूमि पर ईको-पर्यटन स्थल की विकास परियोजना को भी पर्यटन निदेशालय को प्रेषित किए जाने को स्वीकृति प्रदान की गई।
मथुरा स्थित सभी राही पर्यटन आवास गृहों की मरम्मत जीर्णोद्धार का कार्य पीपीपी मॉडल पर किया जा रहा है.यह शीघ्र पूर्ण होगा।
- डॉ दिलीप अग्निहोत्री