भारत देश के पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम आ चुके हैं। पंजाब को छोड़कर सभी में भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। मालूम हो कि सभी राज्यों में चुनाव प्रचार बेहद टक्कर का था जिसमें कोई भी कसर बाकी नहीं छोड़ी गई थी।
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सत्ता हासिल की है। वहां कांग्रेस सत्ता में थी लेकिन अब उसके बहुचर्चित प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव हार गए हैं। यही नहीं मुख्यमंत्री चरणचीत सिंह चन्नी को भी मतदाताओं ने अस्वीकार कर दिया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को एक बार फिर जनादेश प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी ने एक बार फिर सफलता प्राप्त की है। यहां चुनाव प्रचार बेहद कांटे का था जिसमें भाजपा के आगे समाजवादी पार्टी मुकाबले में थी। सपा की ओर से प्रचार की जिम्मेदारी इसके मुखिया अखिलेश यादव ने संभाली थी। भाजपा की ओर से सीएम योगी के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आदि ने प्रचार की कमान संभाली थी। सभी ने धुआंधार प्रचार किया और यह अंदाज लगाना मुश्किल था कि कौन सत्ता प्राप्त करेगा।
हालांकि एग्जिट पोल्स ने भाजपा के आने की भविष्यवाणी कर दी थी जो सही साबित हो गई है। यह जानना दिलचस्प होगा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा ने विजयश्री किस प्रकार हासिल की। यह बात ध्यान में रखने की है कि यूपी की भाजपा सरकार ने कई मोर्चों पर काफी अच्छा काम किया था। कानून व्यवस्था के मामले में उसने प्रदेश को अच्छा माहौल दिया था।
इसके अलावा चौबीस घंटे बिजली और गड्ढामुक्त सड़कें भी उसकी कार्यकुशलता की कहानी कहती हैं। किसानों की कर्ज माफी योजना ने भी पार्टी का समर्थन बढ़ाया। सूबे में महिलाओं की सुरक्षा का अहम मुद्दा था जिसमें एंटी रोमियो स्क्वायड ने महती भूमिका निभाई। सबसे बड़ी बात तो यह कि योगी और मोदी की जोड़ी को जनता का अपार समर्थन मिला। उम्मीद की जानी चाहिए कि अब नई पारी में और भी अच्छा शासन देगी।