नई दिल्ली, 11 जून । दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति के खिलाफ याचिका दायर की है। दिल्ली हाईकोर्ट उनकी याचिका पर सुनवाई को तैयार हो गया है। हाईकोर्ट इस याचिका पर मंगलवार, 12 जून को सुनवाई करेगा। कपिल मिश्रा ने अपनी याचिका में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा में उपस्थित रहने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विधानसभा में उपस्थित दस फीसदी रही है। याचिका में कहा गया है कि अगर मुख्यमंत्री खुद विधानसभा के सत्र में हिस्सा नहीं लेते हैं तो उनकी सैलरी काटी जाए। उल्लेखनीय है कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने पर चर्चा करने के लिए दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया गया है। मगर विधानसभा के सत्र में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद लगातार अनुपस्थित रहे हैं। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग पर विधानसभा में आज चर्चा होने की उम्मीद है।







