लखनऊ : ममता चैरिटेबल ट्रस्ट ने गरीबों, असहायों और दिव्यांगों की सेवा में नया लक्ष्य रखा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं भाजपा अवध क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने बताया कि ट्रस्ट का संकल्प अब एक लाख कंबल वितरण तक पहुंचने का है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष (2025) के अवसर पर ट्रस्ट द्वारा 100 से अधिक अभियान पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें ट्राई साइकिल, दिव्यांग सहायक उपकरण (बैसाखी, छड़ी, चश्मा, कृत्रिम अंग) और कंबल वितरण शामिल हैं।
शुक्रवार को गोमती नगर के ग्वारी क्षेत्र में आयोजित शिविर का शुभारंभ प्रान्त प्रचारक कौशल जी ने किया। उन्होंने ट्रस्ट को “सर्वश्रेष्ठ संस्था” बताया, जो कोविड काल में पूरे लखनऊ को सैनिटाइजर-मास्क-किट देने से लेकर राशन, खून और छात्रों की मदद तक 24×7 खड़ी रही।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि ममता ट्रस्ट गरीबों के आंसू पोंछने का काम कर रही है और अन्य संस्थाओं को इससे सीख लेनी चाहिए। राजीव मिश्रा ने जोर देकर कहा – “नर सेवा ही नारायण सेवा है। हम जरूरतमंदों की हर पीड़ा हरने और उनके जीवन को सम्मानजनक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।” शिविर में हजारों लाभार्थियों को सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर पार्षद रामकृष्ण यादव, ट्रस्ट संरक्षक राजेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष गौरव पांडे, उपाध्यक्ष जितेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ट्रस्ट सांसद राजनाथ सिंह की प्रेरणा से यह कार्य निरंतर चला रहा है।







