पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री बोलें, थानों में खत्म होगी आवास की समस्या,
30 नवम्बर तक शासनादेश, शहीद परिवारों को 25 लाख की दर से मदद
tweet: वर्ष 2019 के अंत तक सवा लाख सिपाहियों की भर्ती पूरी होने से पुलिस बल में आरक्षियों की कमी लगभग खत्म हो जाएगी, साथ ही पुलिसकर्मियों को छुट्टी मिलने में होने वाली समस्याओं का भी समाधान हो सकेगा
लखनऊ, 22 अक्टूबर 2018: पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2019 के अंत तक लगभग 1.25 लाख सिपाहियों की भर्ती पूरी कर विभागों में पुलिस की कमी को लगभग पूरा कर दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यसंस्कृति में बदलाव को पुलिस आधुनिकीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को तीन सदस्यीय आयोग का भी गठन किया जाएगा। इससे अवकाश प्राप्त करने की वर्तमान समस्याओं का भी समाधान होगा।
राजधानी स्थित पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अभी 7 जनपदों में पुलिस लाइन नहीं है, 1568 थानों और पुलिस लाइन में सुविधायुक्त बैरकों व आवास निर्माण की व्यवस्था होगी। इसके लिए पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन एक हफ्ते में डीपीआर बनाएगा। दो माह में नए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर जालौन और सुल्तानपुर खोले जाएंगे। पुलिसकर्मियों के सहयोग के लिए एक लाख मेडिकल प्रतिपूर्ति शासन के बजाए 90 दिन के बाद के डीजीपी द्वारा दिया जा सकेगा। पुलिस को अब साइकिल के स्थान पर मोटरसाइकिल तथा वर्दी भत्ता दिये जाने का शासनादेश शीघ्र जारी होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मुठभेड़, आतंकवादी घटनाओं या अन्य परिस्थितियों में जवान शहीद हुआ तो उनके पैतृक गांव या कस्बे के सम्पर्क मार्ग का नामकरण उनके नाम से किया जाएगा। शहीद आरक्षी अंकित तोमर के नाम से उनके पैतृक गांव वाजिदपुर बागपत तथा शहीद उप निरीक्षक जय प्रकाश सिंह के पैतृक गांव बनेवरा जौनपुर के सम्पर्क मार्ग के नामकरण का प्रस्ताव प्राप्त हो गया, अब शीघ्र ही शासनादेश जारी किया जाएगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। परेड की सलामी ली तथा शहीद पुस्तिका का विमोचन किया। इस मौके पर डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि उप्र में 1 सितम्बर 2017 से 31 अगस्त 2018 की अवधि में 67 पुलिसकर्मी शहीद हुए। वे शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक, डा. महेन्द्र सिंह, मुख्य सचिव डा. अनूप चन्द पाण्डेय, प्रमुख सचिव गृह अरविन्द कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।






