संविदा कर्मचारियों को रेगुलर करने, अगस्त 2017 से बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग
लखनऊ, 21 मार्च। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश भर से आए संविदा कर्मचारियों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रखते हुए कामकाज पूरी तरह से ठप रखा। इन कर्मचारियों के समर्थन में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग संघ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने भी धरना में हिस्सा लिया।
जवाहर भवन इन्दिरा भवन परिसर के तीसरे तल पर स्थित बाल विकास विभाग के निदेशालय में समेकित बाल विकास योजना थर्ड कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेश भर से आए संविदा कर्मचारी मंगलवार को भी इकट्ठा हुए। इन लोगों ने शासन-प्रशासन के विरोध में खूब नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। समेकित बाल विकास एसोसिएशन की अध्यक्ष रजनी सिंह व महामंत्री मधु की अध्यक्षता में प्रदर्शन शुरू हुआ।
रजनी ने कहा कि अगस्त 2017 से कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है, न ही उनकी संविदा रिन्यूअल की गई है। ऐसे में समस्त कर्मचारियों ने “वेतन नहीं तो काम नहीं” के तहत आंदोलन किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मांग नहीं पूरी होगी, कर्मचारी काम नहीं शुरू करेंगे।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय कुमार बाजपेयी और महामंत्री अजीत प्रताप सिंह यादव ने संविदा कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए शासन के अधिकारियों से मांग की कि विभाग में कार्यरत इन कुशल संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए। महामंत्री अजीत प्रताप सिंह यादव ने कहा कि विभाग की लापरवाही से इन कर्मचारियों का सेवा विस्तार का प्रस्ताव समय से शासन में नहीं भेजा गया है। अधिकारी लगातार लापरवाह रवैया अपना रहे हैं।