हर नागरिक को आवास प्रधानमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता : ए. के शर्मा
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत लगभग दो लाख लाभार्थियों को प्रथम किस्त की धनराशि भेजी गई उनके खाते में
लखनऊ : डबल इंजन सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति से उत्तर प्रदेश में शहरी गरीबों के लिए आवास का सपना तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के अंतर्गत 2.09 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 2,094 करोड़ रुपये की पहली किस्त (प्रति लाभार्थी 1 लाख रुपये) सीधे ट्रांसफर की।
इस मौके पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में लाभार्थियों से सीधा संवाद भी हुआ, जिसमें कई परिवारों ने अपनी खुशी जाहिर की।
योगी सरकार की बड़ी सौगात: 2 लाख परिवारों के खाते में 2,000 करोड़ ट्रांसफर
ए.के. शर्मा ने कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में हर नागरिक को पक्का आवास उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। PMAY-U 1.0 में उत्तर प्रदेश ने देश में सबसे ज्यादा 17 लाख से अधिक आवास बनवाए, जो एक रिकॉर्ड है। अब 2.0 में एक ही कार्यक्रम में इतनी बड़ी राशि का हस्तांतरण देश में अब तक का सबसे बड़ा उदाहरण है।”
योगी सरकार की बड़ी सौगात: 2 लाख परिवारों के खाते में 2,000 करोड़ ट्रांसफर
मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ी प्रगति पर भी प्रकाश डाला। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया—लखनऊ पहली बार देश के टॉप-3 स्वच्छतम बड़े शहरों में शामिल हुआ, जबकि टॉप-25 में प्रदेश के 7 शहर आए। घैला-शिवरी जैसे कूड़े के पहाड़ अब यूपी दर्शन पार्क जैसे विकास के प्रतीक बन चुके हैं। गाजियाबाद को ब्लूमबर्ग ग्लोबल सिटीज सूची में 50वां स्थान मिलना भी नगरीय प्रबंधन की सफलता दर्शाता है।
शर्मा ने जोर दिया कि स्वच्छता और आवास दोनों ही विकसित भारत की नींव हैं। “नगर राज्य की शक्ति और अर्थव्यवस्था का चेहरा हैं। हम न केवल घर दे रहे हैं, बल्कि सम्मानजनक जीवन भी सुनिश्चित कर रहे हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया और सभी लाभार्थियों को बधाई दी।
यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से भेजी गई, जिससे पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित हुई। योजना के तहत कुल सहायता 2.5 लाख रुपये प्रति घर है, जिसमें पहली किस्त आज जारी हुई। उत्तर प्रदेश में अब तक PMAY से 60 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हो चुके हैं, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
शहरी गरीबों के लिए यह कदम न केवल आवास बल्कि आत्मनिर्भरता और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण है। योगी सरकार का संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ जमीन पर उतरता दिख रहा है।