श्रावण मास में शिव भक्तों का उत्साह, रामलीला मैदान में भव्य अनुष्ठान
लखनऊ। शिव सेवा परिवार के तत्वावधान में गुरुवार सुबह रामलीला ग्राउंड, ऐशबाग में 18वें सपादलक्ष रुद्राभिषेक का शुभारंभ भक्तों के ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ हुआ। भगवान शिव की अहैतुकी कृपा और लोककल्याण की कामना को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू हुआ।
वैदिक विधि से हुआ षोडशोपचार पूजन
मुख्य आचार्य गिरजाशंकर दीक्षित, शिवशंकर पाण्डेय एवं डॉ. योगेश व्यास सहित पाँच आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव एवं शिव परिवार का पूजन संपन्न किया। आवाहन, स्नान, सुगंधित जलाभिषेक, वस्त्र, चंदन, बेलपत्र, पुष्प, धूप-दीप, नैवेद्य, आरती और पुष्पांजलि सहित समस्त अनुष्ठान पूरे किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शिव परिवार की आराधना की।
विशेष तैयारी और पर्यावरण अनुकूल आयोजन
आयोजक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि 27 चैकियों पर 5,500 रुद्र विराजमान कराए गए। भगवान के अभिषेक के लिए ऋषिकेश से 540 लीटर गंगाजल और 3 कुंतल गौ-दूध विशेष रूप से मंगवाया गया।
आयोजक हरीशचंद्र अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पूजन सामग्री का विधिवत विसर्जन रामलीला मैदान में ही निर्धारित गड्ढे में किया गया।
बड़ी संख्या में उमड़े शिव भक्तकार्यक्रम में हरिश्चंद्र अग्रवाल, अमरनाथ मिश्र, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, अरविंद तिवारी, उमेश शर्मा, पवन मनोचा, लोकेश अग्रवाल समेत सैकड़ों शिव भक्तों ने भाग लिया। भक्तों ने सामूहिक रुद्राभिषेक कर मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
श्रावण मास के पावन अवसर पर यह भव्य रुद्राभिषेक शिव भक्तों के बीच उत्साह और श्रद्धा का प्रतीक बन गया।







