किसानों ने दिसम्बर 2016 में मक्का 1500 से 1600 रूपया प्रति क्विन्टल बेंचकर राहत पायी थी लेकिन आज मक्का उत्पादक किसानों को मजबूरी में आठ सौ से एक हजार रूपया मूल्य पर प्रति क्विन्टल मक्का बेंच कर परिवार चलाना तथा साहूकारों का कर्ज अदा करना पड़ रहा है
लखनऊ 10 नवंबर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी जमाखोरों के नाम पर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। नासिक से प्याज व टमाटर भारी मात्रा में आने के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल पा रही, क्योंकि चेकिंग के नाम पर ट्रकों को रोककर परेशान किया जा रहा। प्रदेश की मंडियों में ढाई प्रतिशत मंडी टैक्स की सरकार वसूली करा रही है जिससे टमाटर और प्याज के दामों में बढ़ोत्तरी से जनता पर मंहगाई की मार पड़ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार एक टैक्स का नारा लगा रही है फिर प्रदेश में, मंडी टैक्स क्यों नहीं वापस कर रही है? इस मंडी टैक्स से टमाटर, प्याज की कीमतें बढ़ जाती हैं। अभी, प्रदेश के किसानों द्वारा उत्पादित टमाटर, प्याज बाजार में नहीं आया है क्योंकि प्रदेश के किसानों द्वारा उत्पादित सब्जियों में लागत बढ़ती चली जा रही है।
श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश के किसानों ने दिसम्बर 2016 में मक्का 1500 से 1600 रूपया प्रति क्विन्टल बेंचकर राहत पायी थी लेकिन आज मक्का उत्पादक किसानों को मजबूरी में आठ सौ से एक हजार रूपया मूल्य पर प्रति क्विन्टल मक्का बेंच कर परिवार चलाना तथा साहूकारों का कर्ज अदा करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के शिकार किसान हो रहे हैं।







