नई दिल्ली 11 नवंबर। भारतीय रेलवे ने अपने कर्मचारियों की उत्पादकता और कौशल बढ़ाने के लिए उन्हें प्रशिक्षण देने की योजना बनाई है। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहानी ने सभी महाप्रबंधकों को रेलवे कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय गहन कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बढ़ती अपेक्षाओं के अनुरूप यात्रियों को बेहतर सेवा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंडल महाप्रबंधकों को लिखे पत्र में लोहानी ने कहा बढ़ते रेल नेटवर्क, नई ट्रेनों और यात्रियों की ओर से बेहतर सेवा और सुविधाओं की मांग के मद्देनजर सभी कर्मचारियों की उत्पादकता और दक्षता बढ़ाने के लिए लघु अवधि का प्रशिक्षण दिया जाना हो गया है। इस लिए फैसला किया गया है कि हरेक मंडल में कर्मचारी अगले एक साल में अपने कार्य क्षेत्र में एक सप्ताह तक प्रशिक्षण लेंगे। लोहानी ने कहा प्रशिक्षण की प्रकृति के हिसाब से पांच दिवसीय प्रशिक्षण काम के दौरान या रेलवे प्रशिक्षण केंद्रों में कक्षाओं के जरिए दिया जाएगा। ‘सक्षम’ नाम की इस परियोजना के तहत लोहानी ने सभी महाप्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे अपने जोन में प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक श्रेणी के कर्मचारियों को चिह्नित करें।







