नई दिल्ली । दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में सोमवार शाम कार सवार बदमाशों ने नगर निगम प्राथमिक विद्यालय के गेस्ट टीचर को स्कूल के बाहर गोलियों से भून दिया। टीचर की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने टीचर पर करीब एक दर्जन से ज्यादा गोली चलाईं, जिनमें से उसे दस गोलियां लगी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसके परिवार वालों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आपसी रंजिश की आशंका जताई है।
– क्या है मामला
पुलिस अधिकारियों की माने कि आरोपियों की कार सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस कार के नंबर के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है। अलीपुर के ताजपुर निवासी दीपक (31) जुलाई से स्वरूप नगर की गली नंबर तीन में स्थित निगम प्राथमिक विद्यालय में बतौर गेस्ट टीचर काम कर रहा था। रोज की तरह सोमवार को वह अपनी कार से स्कूल पहुंचा। स्कूल के प्रिसिंपल सुरेश कुमार की माने तो कि दोपहर करीब 4.15 बजे दीपक के पास किसी का फोन आया। वह फोन पर बात करते हुए स्कूल के बाहर चला गया है। इसी दौरान पटाखे चलने की आवाज आने लगी। बाद में लोगों ने गोली मारे जाने का शोर मचाया। शोर सुनकर वह बाहर आए तो देखा कि स्कूल के गेट पर दीपक खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पहुंची पुलिस ने मौके पर पाया कि दीपक की मौके पर ही मौत हो चुकी है। उसके सिर हाथ, पेट और छाती पर करीब दस गोलियां लगी थी। पुलिस को छानबीन के दौरान मौके से खोखे और कारतूस मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छानबीन के बाद पुलिस ने कहा कि कार सवार दो युवक दीपक के पास पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे। दीपक हमलावरों से बचने के लिए अपनी कार के पीछे भागा लेकिन बदमाशों ने उसे गोलियों से भून दिया। शुरूआती जांच के बाद पुलिस ने रंजिश की आशंका जताई है।






