भारतीय परंपराओं के प्रसार पर जोर, ताकि दुनिया बेहतर हो सके
करुणा और शिक्षा के प्रसार से ही दुनिया बेहतर बन सकती है
नई दिल्ली, 07 दिसम्बर। अभी भले ही तिब्बत पर चीन का कब्जा है, पर एक दिन तिब्बत चीन पर राज करेगा। यह भविष्यवाणी दलाई लामा ने की है। जबकि हाल ही में उन्होंने कहा था कि चीन से तिब्बत को आजादी नहीं, विकास की अपेक्षा है, लेकिन अब उन्होंने चीन पर राज करने की भविष्यवाणी की है। उन्होंने हथियारों को गैर-जरूरी बताते हुए करुणा और नैतिक शिक्षा पर जोर दिया।
दलाई लामा ने कहा, अगर भारत मूल्य आधारित नैतिक शिक्षा पर जोर दे तो चीन उसके पीछे चलेगा। उन्होंने कहा कि युद्ध से समस्याओं के समाधान की उम्मीद अब बेमानी है और यह पुराना तरीका है। करुणा और शिक्षा के प्रसार से ही दुनिया बेहतर बन सकती है। भारत और पाकिस्तान के हालातों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा, शिक्षा आज के समय में महत्वपूर्ण है और भारत के लिए यह कोई नई बात नहीं है। भारत में अहिंसा का विचार एक हजार साल से भी पुराना है। आधुनिक भारत बहुत शांतिपूर्ण है।
पाकिस्तान की तुलना में भारत में हालात काफी अच्छे हैं। पाकिस्तान एक मुस्लिम देश है और भारत में पाकिस्तान की तुलना में अधिक मुस्लिम रहते हैं। दोनों मुल्कों के मुस्लिम एक ही कुरान पढ़ते हैं, लेकिन भारत के मुस्लिम शांतिप्रिय हैं। इसकी वजह यह है कि भारत में सदियों पुरानी अहिंसा की परंपरा अभी जिंदा है। दलाई लामा ने कहा कि युद्ध और हथियारों के इस्तेमाल से दुनिया में छोटी लड़ाई जीती जा सकती है। हथियारों के दम पर सत्ता तक जरूर पहुंचा जा सकता है, लेकिन लंबे समय में यह काम नहीं आते। उन्होंने कहा, भारत की प्राचीन शिक्षा प्रणाली से मुझे दृढ़ इच्छाशक्ति मिली। भारतीय संस्कृति में समाधि और मौन की प्रथाएं तीन हजार साल पुरानी हैं। भारतीय संस्कृति भावनाओं पर नियंत्रण और मानसिक स्तर पर लगातार सुधार की बात करती है।
दुनिया को अधिक बेहतर जगह बनाने और सरकारों के बीच हथियारों की लड़ाई खत्म करने के सवाल पर भी दलाई लामा ने भारतीय संस्कृति का हवाला दिया। उन्होंने कहा, बौद्ध धर्म अहिंसा का धर्म है और इसमें हिंसा, युद्ध के लिए कोई स्थान नहीं है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि भारतीय परंपराओं और शिक्षा के प्रसार से विश्व में शांतिपूर्ण माहौल बनाया जा सकता है।








1 Comment
Hello to every body, it’s my first pay a quick visit of
this webpage; this website consists of awesome and in fact good stuff
for visitors.