नई दिल्ली,15 दिसम्बर। देश की आर्थिक विकास में ऊर्जा के महत्व पर बिजली और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर.के. सिंह ने जोर देते हुए कहा कि कोई भी देश बिना ऊर्जा खपत बढ़ाए प्रगति नहीं कर सकता, खासतौर से विकासशील देश। उन्होंने कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति वार्षिक ऊर्जा खपत 1100 यूनिट है, जो यूरोप से पांच गुना और अमरीका से 16 गुना कम है।
उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास को कायम रखते हुए 2030 तक ऊर्जा खपत को एक तिहाई तक घटाने का प्रयास करेगा। आर.के. सिंह ने देश में ऊर्जा संरक्षण और अर्थव्यवस्था को कारगर बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का विवरण पेश किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने इको-निवास नामक एक ऑनलाइन पोर्टल का भी अनावरण किया।
उल्लेखनीय है कि इसकी शुरूआत इसलिए की गई है, ताकि देश में ऊर्जा क्षमता के प्रति जागरूकता पैदा की जा सके। इस अवसर पर बिजली सचिव अजय कुमार भल्ला, नवीन एंव नवीकरणीय ऊर्जा सचिव आनंद कुमार, मंत्रालय के आला अधिकारियों सहित उद्योग, स्कूल और सरकारी निकायों के पुरस्कार विजेता भी उपस्थित थे।







