नई दिल्ली 18 दिसम्बर। एक बार फिर निर्भया कांड की बरसी (16दिसंबर) पर दिल्ली शर्मसार हुई। शालीमार बाग इलाके के पार्क में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चाकू के दम पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। पीड़िता 8वीं कक्षा की छात्रा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज की। शनिवार शाम करीब 6 बजे पीड़िता अपने दोस्त के साथ पार्क में बैठी थी।
वह दोस्त के साथ बात कर रही थी, तभी चार युवक वहां आए और उन्होंने चाकू निकालकर दोनों को धमकाया। पीड़िता के दोस्त ने विरोध किया तो उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद चारों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता व उसका दोस्त घर चले गए। रविवार को तबीयत खराब होने पर परिजनों ने जब पूछा तो छात्रा ने आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।






