लखनऊ,03 जनवरी। अदब के शहर में कोई भी सुरक्षित नहीं है। इसकी बानगी मंगलवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों पर कातिलाना हमला कर पेश कर दी है। पुलिसकर्मी मूबर से इलाके में गश्त करके थाने जा रहे थे। जल संस्थान कार्यालय के पास एक्टिवा व अपाचे सवार आधा दर्जन बदमाश आ धमके। इनके हाथ में डंडे, चाकू व तमंचे थे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के पीछे से वार किया। वह कुछ समझ पाते, तब तक दोनों पुलिसकर्मी लहूलुहान हो चुके थे। उन्हें पहले डंडो से पीटा गया, फिर तमंचे की बट से सिर पर वार किया गया। चाकू से घायल कर ईट-पत्थर फेंकते हुए बदमाश भाग निकले। पुलिसकर्मियों को घायल देख कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिसकर्मियों की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
तालकटोरा थाने में तैनात सिपाही राजमणि व भारत भूषण बीती सोमवार रात क्षेत्र में गश्त के लिए निकले थे। सुबह ड्यूटी खत्म कर दोनों मूबर-41 से थाने लौट रहे थे। 5.45 बजे के आस-पास वो जैसे ही जल संस्थान के पास पहुंचे तो पीछे से आधा दर्जन बदमाश एक्टिवा व अपाचे से आ गए। इन लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पीछे से हमला कर दिया। बदमाशों का इरादा पुलिसवालों को जान से मारने का था। इसलिए उन्होंने डंडे, चाकू व तमंचे की बट से उन पर एका-एक वार किया। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक वो लहूलुहान हो चुके थे। जाते-जाते बदमाशों ने उन पर ईट-पत्थर भी फेंके। हड़कंप मचा तो जल संस्थान कार्यालय में मौजूद कुछ लोग बाहर निकले। उनकी नजर सड़क पर खून से लथपथ पड़े पुलिसकर्मियों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया।
देखते ही देखते वहां काफी भीड़ एकत्र हो गयी। इसकी जानकारी थाने में दी गयी तो आनन-फानन में प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसवालों को अस्पताल पहुंचाया। जिन्हें देर शाम तक छुट्टी दे दी गयी। उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटे आयी हैं।
फिलहाल पीड़ित पुलिसकर्मियों की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 504, 506, 332, 307 व 7सीएल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।






