एक तरफ सेना प्रमुख जहां पाकिस्तान को कड़े लहजे में चेतावनी दे रहे थे, वहीं दूसरी तरफ भारतीय सेना युद्ध विराम उल्लंघन के बाद पाक सेना से मोर्चा ले रही थी
श्रीनगर, 16 जनवरी। सेना दिवस पर आर्मी चीफ बिपिन रावत की पड़ोसी देश को दी कड़ी चेतावनी के बीच भारतीय सेना ने युद्धविराम उल्लंघन का कड़ा जवाब देते हुए सात पाकिस्तानी जवानों को मार गिराया। इस मुंहतोड़ जवाब के साथ ही सुरक्षा बलों ने सोमवार को पाकिस्तान से घुसपैठ की कोशिश कर रहे जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकियों को भी ढेर कर दिया।
भारतीय जवानों ने सोमवार को पाकिस्तान की नापाक हरकतों पर दोहरा हमला बोला। एक तरफ सेना प्रमुख जहां पाकिस्तान को कड़े लहजे में चेतावनी दे रहे थे, वहीं दूसरी तरफ भारतीय सेना युद्ध विराम उल्लंघन के बाद पाक सेना से मोर्चा ले रही थी। पाकिस्तान की ओर से युद्धविराम उल्लंघन का भारतीय जवानों ने कोटली सेक्टर में तगड़ा जवाब दिया। जवाबी फायरिंग में पाकिस्तानी सेना के सात जवान मारे गए। पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में इसकी पुष्टि की है।
भारतीय जवानों को आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन ऑलआउट में भी बड़ी कामयाबी मिली है। उरी इलाके में घुसपैठ की कोशिश कर रहे जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकियों को मार गिराया गया। जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक शेष पॉल वैद्य के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकी मारे गए। एक आतंकी के शव की तलाश जारी है।
इससे पहले सोमवार को सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर पड़ोसी देश नहीं सुधरा तो उसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। सेना दिवस पर सैनिकों को संबोधित करते हुए आर्मी चीफ ने कहा आतंकवादियों की मदद करने वाली पाकिस्तान की सेना ने अगर मजबूर किया, तो और सख्त कदम उठाए जाएंगे।






