अमरराम बोले, मंत्री-विधायकों को गांवों में नहीं घुसने देंगे
जयपुर, 25 फरवरी। राजस्थान में किसान नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में किया जाने वाला चक्काजाम किसानों की रिहाई की घोषणा के बाद स्थगित कर दिया गया है। किसान नेता अमराराम ने इसकी घोषणा की, जिसके बाद पिछले दो दिनों से बाधित जयपुर-सीकर हाईवे का जाम खोल दिया गया और अब यहां यातायात सुचारू हो गया है। यहां हजारों किसान दो दिनों से धरना दे रहे थे। इस जाम से सबसे ज्यादा परेशानी खाटू श्याम जी के मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को हो रही थी। करीब 2000 किसानों को जयपुर कूच के दौरान गुरुवार को हिरासत में लिया गया था।
रिहाई के बाद पूर्व विधायक व किसान महासभा के नेता अमराराम ने कहा कि किसानों की गिरफ्तारी सरकार की सामंतशाही मानसिकता को दर्शाती है। किसानों की कर्जा माफी और स्वामीनाथन आयोग के सुझावों को लागू करने की हमारी मांग जारी रहेगी। सरकार ने किसानों को जयपुर में नहीं घुसने दिया और गिरफ्तार कर लिया। अब हम सरकार के मंत्री और विधायकों को गांवों में नहीं घुसने देंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए चक्काजाम स्थगित किया है। किसान आंदोलन जारी रहेगा। इसके लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। चक्काजाम स्थगित होने की घोषणा के बाद जिला प्रशासन को भी राहत मिली है।







