अहमदाबाद 06 मार्च 2018। गुजरात के गांधीनगर स्थित छत्राल टाउन में बजरंग दल से जुड़े युवकों ने अपना फरमान नहीं मानने पर एक मुस्लिम महिला की उंगलियां काट दी और उसके बेटे पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उन्हें घर से नहीं निकलने का फरमान जारी किया था। इस फरमान की अवहेलना करते हुए महिला अपने बेटे के साथ जब घर से बाहर निकली तो बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया और अंगूठा और कई उंगलियां काट दीं। चोटों की वजह से उनके बेटे के हाथ और सिर में फ्रैक्चर हो गया है।
52 साल की रोशनबीवी सैयद के बाएं हाथ का अंगूठा, अनामिका और बीच की उंगली काट दी गई है। जबकि उनके 32 वर्षीय बेटे फरजान के हाथ और खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते छह दिसंबर के बाद से इस क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है, जब बजरंग दल ने 1992 बाबरी विध्वंस को लेकर मुस्लिम वर्चस्व वाले कस्बों से एक जुलूस निकाला था। रविवार रात यहां फिर लड़ाई हुई, जिसके बाद तनाव बढ़ गया। रोशनबीवी के भतीजे असलम सैयद ने बताया, ‘सोमवार सुबह सईद और उसके बेटे को उनके इलाके से बाहर नहीं जाने की चेतावनी दी गई थी। जब वे अपने मवेशियों को चराने के लिए बाहर गए, बजरंग दल के कुछ सदस्यों ने उन पर हमला कर उनकी पिटाई की और उंगलियां काट दीं। पुलिस ने कहा कि पीड़ितों को होश आने के बाद पुलिस प्राथमिकी दर्ज करेगी और उनके बयान लेगी।






