नई दिल्ली, 07 अप्रैल। गर्मी के मौसम में तेज धूप से अपने को बचायें क्योंकि सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से त्वचा की टैनिंग होना यानी त्वचा का रंग काला पड़ना सामान्य बात है। इससे बचाव के लिए बाहर निकलते समय अच्छी तरह शरीर ढ़क लें। वहीं अगर त्वचा काली हो जाये तो कुछ घरेलू उपायों से यह ठीक हो सकती है।
टैनिंग को रोकता है संतरा
एक रिपोर्ट के अनुसार संतरे के इस्तेमाल से टैनिंग के खतरे को कम किया जा सकता है और इससे त्वचा का रंग साफ होता है। टैनिंग से राहत पाने के लिए एक बड़ा चम्मच संतरे के छिल्के का पाउडर, हल्दी, कैलेमाइन पाउडर या चंदन पाउडर और शहद की कुछ बूंदें मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से एक मिनट मलें और इसे पांच मिनट तक लगा रहने दें। फिर इसे पानी से धो लें।
संतरे के रस में सिट्रिक एसिड होता है, जो प्राकृतिक रूप से ब्लीचिंग का काम करता है। अगर आप चाहे तो संतरे के रस को आइस ट्रे में फ्रीज कर सकती हैं और बाद में फ्रेश लुक के लिए इसे चेहरे पर लगा सकती है। आप संतरे को मसलकर चेहरे पर लगा सकती हैं।
टैनिंग के असर को कम करने के लिए ऐसा नियमित रूप से करें। इसके अलावा संतरे के तत्व से युक्त चेहरे पर लगाए जाने वाले अच्छी कंपनी के सौंदर्य उत्पाद का इस्तेमाल करें। संतरे के छिल्के में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होता है। यह प्राकृतिक क्लिंजर का काम करता है, जबकि शहद त्वचा में निखार लाता है।







