नई दिल्ली,13 अप्रैल। दिल्ली भाजपा के सभी सांसदो ने संसद के बजट सत्र के दौरान विपक्षी दलों द्वारा संसदीय कार्य को अवरूद्ध करने और संसद का समय नष्ट करने के विरोध में आज उपवास रखा। गुरुवार को दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, डाॅ. हर्ष वर्धन, रमेश बिधूड़ी, महेश गिरी, प्रवेश वर्मा, डाॅ. उदित राज और श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में उपवास रखा। एक नज़र में जाने किसने क्या कहा है।
केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डाॅ.हर्षवर्धन ने चांदनी चैक में एकत्र कार्यकर्ताओं एवं जनसमूह को संबोधित करते हुये कहा कि आज विपक्षी दलों की नकारात्मक राजनीति जनता के सामने उजागर हो चुकी है, प्रधानमंत्री विकास के प्रतीक के रूप में पहचाने जा रहे हैं जिसके चलते भाजपा की राजनीतिक ताकत लगातार बढ़ रही है।
सांसद डाॅ.उदित राज ने कहा कि दिल्ली के लिये यह गर्व का विषय है कि हमारे अध्यक्ष मनोज तिवारी ने संसद को बार-बार अवरूद्ध होते देख सांसदों के लिये नो वर्क, नो पे का प्रस्ताव रखा, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वीकार किया।
सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कांग्रेस को कभी भी संसदीय चर्चाओं पर विश्वास नहीं रहा और आज भी पार्टी संसद में चर्चा से बचना चाहती है और इसीलिये अन्य दलों के साथ मिलकर संसद को बाधित करती है। विपक्षी दल यह जानते हैं कि अगर संसद में चर्चा होगी तो उनके दोहरे चेहरे जनता के समाने खुल जायेंगे।
सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि आज देशभर में भाजपा सांसदों के उपवास का उद्देश्य विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को उजागर करना है और इसी के साथ 2019 के लोकसभा चुनाव अभियान का आगाज़ हुआ है।
सांसद महेश गिरी ने कहा कि जिस तरह विपक्ष ने संसद का कीमती समय खराब किया है उसी तरह आगामी चुनावों में देश की जनता विपक्षी दलों को संसद से बाहर कर देगी।
सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हमने आज का उपवास देश में विकास एवं सुधार की राजनीति को स्थापित करने के लिये रखा है। हम संकल्प लेते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल्पनाओं के अनुरूप भारत को विश्व गुरू बनायेंगे।







