प्रॉपर्टी की सूचना नहीं देने पर जुलाई में इंक्रीमेंट रोक दिया जाएगा
जयपुर, 09 मई। राज्य प्रशासनिक सेवा के 67 हजार से अधिक अधिकारी 31 मई तक ऑनलाइन प्रॉपर्टी रिटर्न भर सकते हैं। यह उन्हें अंतिम मौका दिया गया है। कार्मिक विभाग ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा के 4 अफसरों का प्रमोशन रोकने के बाद यह कदम उठाया है। इसके बाद भी रिटर्न नहीं भरने वाले अधिकारियों का प्रमोशन और वेतनवृद्धि रोकने का आदेश दिया जाएगा।
कार्मिक विभाग की ओर से बार-बार आनलाइन प्रॉपर्टी रिटर्न भरने के लिए तिथि बढ़ाए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में अफसरों ने रिटर्न नहीं भरा है। पिछले सप्ताह ही 4 अफसरों का प्रमोशन रोक दिया था। उसी कड़ी में कार्मिक विभाग ने राज्य सेवा के अफसरों को 31 मई तक के लिए आखिरी मौका दिया है। इस अवधि के लिए कार्मिक विभाग ने पोर्टल फिर से खोल दिया है, जिससे शेष अधिकारी सूचना दे सके।
कार्मिक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान यदि प्रॉपर्टी की सूचना नहीं दी गई तो जुलाई में इंक्रीमेंट रोक दिया जाएगा। इससे पहले जिन विभागों में डीपीसी होनी है। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिया जाएगा कि वे प्रॉपर्टी की सूचना न देने वालों का प्रमोशन रोक दें।







