भारत-पाक सीमा विवाद: राजनाथ सिंह ने दी पाक को कड़ी चेतावनी
जम्मू, 22 मई। पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा आज मंगलवार सुबह भारतीय अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गई गोलीबारी और मोर्टार से गोलाबारी में 70 वर्षीय एक महिला सहित दो लोग घायल हो गये। इस गोलाबारी से सीमा के पास रह रहे लोगों में दहशत फैल गई और कई लोगों ने सरकारी आश्रय स्थलों में पनाह ली। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अखनूर से सांबा तक सभी सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा पार से होने वाली गोलीबारी लगातार जारी है। सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने जवाबी गोलीबारी की और अंतिम रिपोर्ट आने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी।
बता दें कि पिछले कुछ दिन से सीमा पर पाक सेना लगातार सीजफायर उल्लंघन कर रही है। इस गोलीबारी में एक 8 माह के बच्चे की मौत हो गई थी वहीं, इसके अलावा सोमवार को घायल एक महिला ने भी दम तोड़ दिया।
गृहमंत्री की पाक को कड़ी चेतावनी
पाक सेना द्वारा इस फायरिंग पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पाक को कड़ी चेतावनी दी है। गृह मंत्री ने बीएसएफ जवानों को गोलीबारी का उचित जवाब देने को कहा है। राजनाथ ने कहा, हमारा पड़ोसी शांति नहीं चाहता है। हम पहली गोली नहीं चलाएंगे लेकिन, गोली चलने पर उचित जवाब दिया जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘गोली चलने पर हमारे जवानों को पता है कि उन्हें क्या करना है। जवाबी कार्रवाई पर जवानों से कोई कुछ नहीं पूछेगा।’
जम्मू पुलिस के महानिरीक्षक एस डी सिंह जामवाल ने मीडिया से कहा कि जम्मू जिले के सबसे अधिक प्रभावित अरनिया सेक्टर में हुई ताजा गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह हुई गोलाबारी में अरनिया के पिंडी चरण गांव के निवासी मदन लाल भगत के पेट और पैर में मोर्टार के छर्रे लग गए और उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि 70 वर्षीय कौशल्या देवी भी गोलीबारी में घायल हो गई। जामवाल ने बताया कि पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है और वे लोगों को प्रभावित इलाकों से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
जम्मू के संभागीय आयुक्त हेमंत कुमार शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास विशेषकर आर एस पुरा और अरनिया सेक्टर में पिछले दो दिन में पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलाबारी के बाद सुरक्षित इलाकों में राहत शिविरों लगाए गए हैं उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप स्थित स्कूलों को एहतियाती तौर पर बंद कर दिया गया है।







