अंडर-19 अंतरविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता में काल्विन तालुकेदार्स बना उपविजेता
लखनऊ। द्वितीय स्वर्गीय केएन सिंह मेमोरियल अंडर-19 अंतरविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन काल्विन तालुकेदार्स कॉलेज और जीसीआरजी इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। जीसीआरजी इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए काल्विन तालुकेदार्स कॉलेज को 22 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
समापन समारोह में केजीएमयू के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अपुल गोयल मुख्य अतिथि और क्रिकेट एसोसिएशन आफ लखनऊ अभिजीत सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयोजन संस्था विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी के अध्यक्ष पूर्व आईपीएस उमेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जीसीआरजी इंटरनेशनल स्कूल ने 15 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। आयुष ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों पर 57 रन बनाए। काल्विन की ओर से सक्षम मिश्रा ने सर्वाधिक 4 विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए काल्विन तालुकेदार्स कॉलेज की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन 9 विकेट पर 110 रन ही बना सकी। विजेता टीम की ओर से रितिक सिंह और मनीष यादव ने 2-2 विकेट लिए।
विजेता जीसीआरजी इंटरनेशनल स्कूल को 20 हजार तथा उपविजेता काल्विन तालुकेदार्स कॉलेज को 10 हज़ार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रत्येक व्यक्तिगत पुरस्कार विजेता को पांच हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
व्यक्तिगत पुरस्कारों की श्रेणी में:
- प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: प्रणव सिंह चौहान– 83 रन एवं 4 विकेट
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: कुमार अभिनव– 150 रन
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: सक्षम मिश्रा– 12 विकेट
इस प्रतियोगिता में कुल 12 विद्यालयों विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी, लखनऊ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, जीसीआरजी इंटरनेशनल स्कूल, एसआर इंटरनेशनल स्कूल, काल्विन तालुकेदार्स कॉलेज, मान्ट फोर्ट इंटर कॉलेज, साहू इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल एक्सटेंशन, सीएमएस गोमती नगर, सेंट क्लेयर्स कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल एल्डिको तथा एस.आर. ग्लोबल स्कूल शामिल रहे।
यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष रहे विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी के संस्थापक केएन सिंह की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता का सफल आयोजन युवा खिलाड़ियों के उत्साह और खेल प्रतिभा का प्रेरणादायक उदाहरण बना।







