वाराणसी, 24 मई। उत्तरप्रदेश के वाराणसी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की मौत के बाद उनकी लाश को उनके बेटों ने पिछले 5 महीनों से घर में छिपाकर रखा हुआ था। बेटों ने मां की लाश को पेंशन के लालच में छुपाया था।
दरअसल प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के भेलूपुर थाना अंतर्गत कबीर नगर कॉलोनी में यह मामला सामने आया है। यहां के सोनिका पार्क के पास के एक मकान में रहने वाली महिला की मौत पांच महीने पहले ही हो गई थी। वह सरकारी नौकरी से रिटायर हो चुकी थीं और पेंशन भोगी थीं। इस कारण ही महिला की मौत के बाद उनके लड़कों ने पेंशन का पैसा लेने के लालच में लाश को पिछले 5 महीने से घर में छिपाकर रखा था।
इस मामले का खुलासा बुधवार को हुआ। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हंगामा मच गया। जिसे भी मां-बेटे के पावन और ममतामयी रिश्ते के छलनी होने की जानकारी मिल रही थी, वही आरोपी बेटों को दोष दे रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस और प्रशासन पहुंच गया और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृत महिला के बेटों को भी गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।






