आजमगढ़ । ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर बुधवार की शाम जल गया। इसके चलते पूरे बाजार की आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी की वजह से बाजार में हाहाकार मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाई सौ केवी का ट्रांसफार्मर दो महीने से बाजार में रखा हुआ है लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते ट्रांसफार्मर का कनेक्शन नहीं जोड़ा गया। इसके चलते ओवरलोड होने से ट्रांसफार्मर जल गया और लोग उमस भरी गर्मी में बिलबिला रहे हैं। स्थानीय बाजार में विद्युत सप्लाई के लिए तमसा नदी के किनारे 400 केवी का ट्रांसफार्मर बिजली विभाग द्वारा लगाया गया है। लगभग पांच हजार से ज्यादा की आबादी को इससे बिजली की सप्लाई दी जा रही है। ओवरलोड अधिक होने से कभी फाल्ट की समस्या होती है तो कभी लो वोल्टेज की परेशानी। इसी को देखते हुए ग्राम प्रधान कल्पना चैरसिया ने एक दूसरा ढाई सौ केवी का ट्रांसफार्मर बिजली विभाग द्वारा पास कराकर बाजार में उपलब्ध कराया। विभागीय उदासीनता के चलते दो महीने से ट्रांसफार्मर उसी तरह रखा हुआ है और ट्रांसफार्मर का कनेक्शन जोड़ा नहीं गया है। बाजारवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर को जोड़ा नहीं गया तो वह सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।







