मेरठ, 12 जून 2018। सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता कमलदत्त शर्मा लिसाड़ी निवासी गैंगरेप पीड़िता को लेकर एसएसपी से मिले। उन्होंने सवाल उठाया कि संप्रदाय विशेष के आरोपियों को आखिर पुलिस गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है। भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा के साथ एसएसपी आॅफिस पहुंची लिसाड़ी निवासी महिला ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से है और ई रिक्शा किराए पर देने का काम करती है। जिसके चलते फतेहउल्लापुर रोड मिलन पैलेस निवासी नसीम पुत्र सलीम अक्सर उसके घर आता रहता था।
महिला के अनुसार बीती 24 अप्रैल को वह अपने पुत्र के पास गंगानगर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान नसीम व उसका एक अज्ञात साथी महिला के घर में घुस गए। नसीम व उसके साथी घर में मौजूद महिला की विवाहित पुत्री के साथ तमंचे की नोंक पर गैंगरेप किया। बाद में किसी को कुछ बताने पर पीड़िता के पति व भाई की हत्या की धमकी देकर फरार हो गए।
आरोप है कि लिसाड़ीगेट पुलिस ने शिकायत के बावजूद कार्यवाही नहीं की। जिसके बाद कप्तान के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट तो दर्ज की गई, लेकिन अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कमलदत्त शर्मा ने बताया कि खुले घूम रहे आरोपी पीड़ितों पर समझौते का दबाव बनाते हुए उन्हें फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी ने थाना पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।






