हैदराबाद, 20 जून। अमेरिका में रह कर अंतराष्ट्रीय सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में शिकागो से एक भारतीय दंपति की गिरफ्तारी के बाद अमेरिकी जांच एजेंसी ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अमेरिकी जांच एजेंसी ने खुलासा किया है कि इस सेक्स रैकेट में पांच तमिल अभिनेत्रियां भी शामिल रही हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी ने इलिनॉयस के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में इस केस में अपनी जांच रिपोर्ट पेश कर दी है।
तमिल सिनेमा की कुछ अभिनेत्रियों को बीते काफी समय से किसी फिल्म या टेलीविजन धारावाहिक में काम नहीं मिला, इसके बावजूद उनके बैंक खातों में लाखों रुपए जमा किए गए हैं। इसी वजह से वे शक के दायरे में आ गईं। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी जांच एजेंसी ने 28 अप्रैल को शिकागो में छापेमारी कर इस अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया था और सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में भारतीय नागरिक किशन मोदुगुमुदी और उसकी पत्नी चंद्रकला पूर्णिमा मोदुगुमुदी को गिरफ्तार किया था।
भारतीय दंपति पर आरोप है कि वे तमिल और तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री से अभिनेत्रियों को फंसाकर अमेरिका में सेक्स रैकेट चलाते थे। इन अभिनेत्रियों को अमेरिका में भारतीय फिल्म समारोहों में हिस्सा लेने के बहाने बुलाया जाता था। जानकारी के मुताबिक, एक अभिनेत्री की संदिग्ध गतिविधि की वजह से इस सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ।
अभिनेत्री 20 नवंबर, 2017 को दिल्ली से अमेरिका के ओहायर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची थी। उसे 18 नवंबर को अमेरिका में तेलुगू एसोसिएशन ऑफ साउथ कैलिफोर्निया (टीएएससी) द्वारा आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए 6 नवंबर, 2017 को वीजा जारी किया गया था। यह अभिनेत्री समारोह के दो दिन बाद पहुंची और कैलिफोर्निया के बजाय शिकागो गई। इसके बाद अधिकारियों को उस पर शक हुआ तो उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान अभिनेत्री ने बताया कि वह नॉर्थ अमेरिका तेलुगू सोसाइटी (एनएटीएस) द्वारा आयोजित एक अन्य समारोह में हिस्सा लेने के लिए आई हुई है।
सोसाइटी से जब इस बारे में पूछताछ की गई तो एनएटीएस अध्यक्ष ने न सिर्फ अभिनेत्री को पहचानने से इनकार कर दिया, बल्कि उसे निमंत्रित किए जाने से भी इनकार किया। जांच में पता चला कि राजू नाम के किसी शख्स ने अभिनेत्री को वह निमंत्रण भेजा था। पड़ताल में राजू नाम का यह शख्स सेक्स रैकेट चलाने वाला किशन मोदुगुमुदी निकला। इसके बाद अभिनेत्री को अमेरिका में प्रवेश से रोक दिया गया और उसका वीजा रद्द कर दिया गया।
इसी तरह की एक अन्य अभिनेत्री मुंबई से 26 दिसंबर, 2017 को न्यूयॉर्क इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची. उसे कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए तीन महीने का वीजा जारी किया गया था। जांच की गई तो पता चला कि अभिनेत्री इससे पहले 6 अक्टूबर, 2017 को भी अमेरिका गई थी और 13 नवंबर तक शिकागो में रही। इस अभिनेत्री ने भी पूछताछ के दौरान राजू नाम के किसी शख्स का नाम लिया। उसने यह भी बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए उसे टेक्सास के इरविन जाना है। जांच में पता चला कि अक्टूबर में की गई यात्रा के दौरान उसने पेंसिल्वेनिया में जिस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, उसका आयोजन भी राजू नाम के व्यक्ति ने ही किया था और अभिनेत्री को देह व्यापार के लिए मजबूर किया था।






