- मुद्रास्फीति पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर नहीं
- काफी लंबे इंतजार के बाद भारत की रेटिंग में हुआ सुधार
मुंबई, 27 जून। प्रधानमंत्री मोदी ने एक वार्षिक बैठक में मंगलवार को कहा कि बढ़ते कच्चे तेल की कीमतों से मुद्रास्फीति नहीं बढ़ी है और देश के वृहद आर्थिक बुनियादी कारक मजबूत बने हुए हैं। श्री मोदी यहां एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टेमेंट बैंक (एआईआईबी) के गवर्नरों की तीसरी वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली सरकार राजकोषीय समेकन को लेकर प्रतिबद्ध है। कहा कि राजकोषीय स्थिति के पूरी तरह नियंत्रण में होने, मजबूत बाह्य स्थिति, और कीमतों में स्थिरता के साथ हमारे वृहदआर्थिक बुनियादी कारक मजबूत बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यही वजह है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद मुद्रास्फीति निर्धारित दायरे में बनी रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राजकोषीय मजबूती के रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जीडीपी प्रतिशत के रूप में सरकारी कर्ज में लगातार गिरावट आयी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि काफी लंबे इंतजार के बाद भारत की रेटिंग में सुधार हुआ है।







