सीएम योगी से क्रिएटिव सेंसर इंक. के चेयरपर्सन यूजीन हुआंग की मुलाकात; एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने का प्रस्ताव
लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को नई गति मिलने की उम्मीद है। ताइवान की प्रमुख टेक कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. प्रदेश में करीब 1,141 करोड़ रुपये (122 मिलियन डॉलर) का निवेश कर एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की तैयारी में है। इस परियोजना से करीब 1,200 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

सोमवार को कंपनी के चेयरपर्सन यूजीन हुआंग ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की और निवेश प्रस्ताव पर चर्चा की। कंपनी प्रतिनिधियों ने प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश करने वाले हर उद्यमी को सुरक्षित माहौल और सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस परियोजना से आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के साथ स्थानीय इंजीनियरों को भी नए अवसर मिलेंगे।
प्रस्तावित इकाई से 1,150 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इनमें 200 से अधिक उच्च कौशल वाले पद स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन पेशेवरों के लिए होंगे। कंपनी ने वर्ष 2030 तक 250 मिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य भी रखा है।
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में विकसित हो रही 300 एकड़ की ताइवान सिटी और सेमीकंडक्टर परियोजना पर भी चर्चा हुई। इस निवेश से उत्तर प्रदेश को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन से जोड़ने और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।






